नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच, 19 अप्रैल 2026 वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुरा-मनासा मार्ग पर एक ट्रक से बेशकीमती खैर की लकड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई वन संरक्षक उज्जैन आलोक पाठक, वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे और उप वनमंडलाधिकारी मनासा दशरथ अखंड के निर्देशन में की गई। शनिवार देर रात करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने नायरा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ14GQ8673 को रोक लिया। जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में अवैध खैर की लकड़ी पाई गई, जिसके परिवहन के लिए चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। मौके से साहिल खान, इकबाल और मोहम्मद अशरफ को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी राजस्थान और हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारियों और स्टाफ की अहम भूमिका रही।