शंखेश्वर पार्श्व पद्मावती मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी ने मंदिर को मोक्ष का प्रथम प्रवेश द्वार बताया | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शक्ति नगर स्थित श्री शंखेश्वर पार्श्व पद्मावती जिनालय मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शनिवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी ने धर्मसभा में कहा कि मंदिर शांति का केंद्र और मोक्ष का प्रथम प्रवेश द्वार है। सुबह रेलवे कॉलोनी से भव्य वरघोड़ा रथयात्रा निकाली गई, जिसमें चांदी के रथ पर भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा, हाथी-घोड़े और बग्गियों में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा शक्ति नगर स्थित मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में परिवर्तित हुई। इस दौरान विभिन्न पूजन, चढ़ावे और लाभार्थी परिवारों का सम्मान किया गया। भजन गायिका निशा हिंगड़ व प्रबल चौधरी की भक्ति प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूम उठे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मंदिर संस्कृति, संस्कार और भारतीय परंपराओं का संदेश दिया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में समाजजन व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आगामी दिनों में ध्वजा कलशारोहण, स्नात्र पूजन एवं भजन संध्या जैसे धार्मिक आयोजन होंगे।

Top