नीमच में राज्य सेवा व वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा आज, 882 अभ्यर्थी दो केंद्रों पर देंगे परीक्षा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मध्यप्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा आज 26 अप्रैल को नीमच के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो सत्रों में सुबह 10 से 12 बजे तथा दोपहर 12:15 से 4:15 बजे तक होगी। कुल 882 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और आयोग पर्यवेक्षक आशुतोष अवस्थी ने पीजी कॉलेज एवं उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

परीक्षा व्यवस्था में बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, थ्री लेयर सुरक्षा और फ्रिस्किंग की सख्त व्यवस्था लागू की गई है। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की अलग जांच व्यवस्था रहेगी। परीक्षा में प्रवेश 90 मिनट पूर्व अनिवार्य होगा। जिला नोडल अधिकारी चंद्रसिंह धार्वे ने बताया कि दो उड़नदस्ते भी गठित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अनुमति और निषिद्ध वस्तुओं की सूची जारी कर सख्त निर्देश लागू किए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Top