नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को जेतपुरा चौराहे के समीप तिरुपति नगर के सामने स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता और हम्मालों की व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने केंद्र पर गेहूं की गुणवत्ता एवं भंडारण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र पर किसानों के लिए छाया एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रवेश स्थल एवं तौल स्थल पर बड़े टेंट लगाने तथा ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही स्लाट बुकिंग की समस्या के समाधान के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने किसानों से नरवाई प्रबंधन पर चर्चा करते हुए डी-कंपोजर के उपयोग की सलाह दी और नरवाई जलाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर अधिक संख्या में किसान अपनी उपज बेच रहे हैं, जिससे व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है।