नीमच जिले की 114 ग्राम पंचायतों में जल चौपाल आयोजित, जल संरचनाओं के गहरीकरण कार्य को मिली गति | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण और जल संरचनाओं के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में 21 अप्रैल से 2 मई तक जिले की 243 ग्राम पंचायतों में जल चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक 114 ग्राम पंचायतों में सफलतापूर्वक जल चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें ग्रामीणों और किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन चौपालों के माध्यम से जल संरक्षण की योजनाओं पर चर्चा की गई और ग्राम स्तर पर जल संरचनाओं के गहरीकरण कार्य प्रारंभ किए गए। अभियान के तहत मनरेगा के माध्यम से खेत तालाब, डगवेल रिचार्ज और अमृत सरोवर जैसी जल संचयन संरचनाओं के कार्यों को भी गति दी जा रही है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में नोडल अधिकारी नियुक्त कर जल चौपालों का संचालन सुनिश्चित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य भू-जल स्तर को बढ़ाना, वर्षा जल का अधिकतम संचयन करना और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें इस अभियान का सक्रिय भागीदार बनाना है।

Top