नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच आयुष विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र हिंगोरिया में पोषण पखवाड़ा के तहत निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ-शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में कुल 56 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, श्वास, कास, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, साइटिका सहित विभिन्न बीमारियों की जांच कर रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। चिकित्सक डॉ. विमला पाटीदार ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। कार्यक्रम में गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को संतुलित आहार, सुपोषण, स्तनपान के महत्व तथा बच्चों के प्रथम दो वर्षों में पोषण संबंधी जानकारी दी गई। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिला। शिविर के सफल संचालन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भावना बैरागी, सोनी कैथवास एवं सहायिका कौशल्या बैरागी का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना एवं आयुर्वेद चिकित्सा को प्रोत्साहित करना रहा।