नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश में गेहूं, चना और मसूर उपार्जन कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर मिले और उपार्जन केंद्रों व कृषि उपज मंडियों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए। उन्होंने बताया कि स्लॉट बुकिंग की अवधि बढ़ाकर 9 मई कर दी गई है और अब प्रतिदिन 2250 क्विंटल तक उपज खरीदी की व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत नीमच जिले के ग्राम सेमार्डा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 वर्ष 10 माह की बालिका के बाल विवाह को रुकवा दिया। एसडीएम संजीव साहू के निर्देशन में पहुंची टीम ने परिजनों को समझाइश देकर विवाह रोका और पंचनामा बनाया। परिवार ने बालिका की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद ही विवाह का आश्वासन दिया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।