नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को शासकीय पीजी कॉलेज में जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों व सुपरवाइजरों के अंतिम चरण के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड विजिट के दौरान प्रगणकों को निर्देश दिए कि 26 से 30 अप्रैल तक अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक लोगों से संपर्क कर स्व-गणना फार्म भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी कर्मचारी सक्रियता से कार्य करें।
इस दौरान एसडीएम संजीव साहू एवं चंद्रसिंह धार्वे मौजूद रहे। इसी क्रम में कलेक्टर ने नगर पालिका द्वारा प्रारंभ की गई नाला सफाई एवं चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। जयसिंहपुरा बड़ी पुलिया क्षेत्र में पोकलेन मशीन से चल रहे सफाई कार्य का अवलोकन करते हुए उन्होंने सीएमओ को बस स्टैंड, गुप्ता नर्सिंग होम और संजीवनी पुलिया क्षेत्र में भी नालों की सफाई व अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बारिश से पहले जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करना प्राथमिकता है।