नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर के मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन और सामुदायिक भवन संचालकों की बैठक सोमवार को तहसील कार्यालय में एसडीएम संजीव साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आयोजनों के बाद फैलने वाली गंदगी और पार्किंग व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा की गई। एसडीएम साहू ने साफ निर्देश दिए कि सभी संचालक स्वच्छता और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने या यातायात बाधित होने पर जुर्माना लगाने के साथ ही भवन को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सभी भवनों में अग्निशमन यंत्र रखना और नियमानुसार रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। बैठक में तहसीलदार संजय मालवीय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया सहित अन्य अधिकारी व संचालक मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर की स्वच्छता बनाए रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।