नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद सांसद सेवा केंद्र पर उत्साहपूर्ण जश्न मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। सोमवार को मिली इस ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में सांसद सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और आम नागरिकों का मुंह मीठा कर बधाई दी। कार्यक्रम में खास तौर पर झालमुरी और बंगाली रसगुल्ला वितरित किए गए, जिससे आयोजन में बंगाल की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने इस जीत को पार्टी की बड़ी उपलब्धि बताते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनहितकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम है। कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा।