नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि 7 मई को शाजापुर में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) पर ऐतिहासिक चक्का जाम किया जाएगा, जिसमें नीमच जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और स्लॉट बुकिंग में अनियमितताओं के कारण किसान परेशान हो रहे हैं। कई किसानों को अब तक भावांतर राशि का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनमें आक्रोश है। बाहेती ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में यह आंदोलन किसानों के हक की लड़ाई है। नीमच जिले में भी तैयारियां तेज हैं और प्रभारी बैठकों के जरिए रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।