नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान 95 आवेदकों की समस्याएं सुनकर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जमीन विवाद, सामाजिक सहायता, पेंशन, और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे। चौथखेड़ा के धर्मसिंह द्वारा जमीन का कब्जा न मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने तहसीलदार नीमच नगर को तत्काल टीम भेजकर एसडीएम के आदेश का पालन सुनिश्चित करने और आवेदक को मौके पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम डांगडी के दिव्यांग पंकज चौहान द्वारा स्वरोजगार सहायता की मांग पर कलेक्टर ने उपसंचालक सामाजिक न्याय को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर शासन की स्वरोजगार योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं, जिनमें भूमि विवाद, पेंशन, आवास और अन्य प्रशासनिक मुद्दे शामिल रहे। कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।