विधायक विपिन जैन के जन्मदिन पर शिवना शुद्धिकरण अभियान में उमड़ा जनसैलाब, 3 ट्रॉली कचरा निकाला | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर विधायक विपिन जैन के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को शिवना शुद्धिकरण अभियान के 106वें दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठन, युवा और महिलाएं शिवना तट पर पहुंचकर श्रमदान में शामिल हुए। सभी ने मिलकर मां शिवना को स्वच्छ, निर्मल और पावन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नदी में जमा गंदगी, प्लास्टिक कचरा और गाजर घास को हटाया गया। श्रमदान के दौरान लगभग 3 ट्रॉली कचरा, गाद और गाजर घास नदी से बाहर निकाली गई। अभियान में लगातार बढ़ती भागीदारी ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को और मजबूत किया है। विधायक विपिन जैन ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से शिवना नदी को फिर से स्वच्छ और जीवनदायिनी बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब केवल सफाई ही नहीं, बल्कि कचरा फैलाने वालों को रोकना और जागरूक करना भी जरूरी है। मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ ने बताया कि विधायक ने अपने जन्मदिन पर पोस्टर-होर्डिंग के बजाय श्रमदान कर आशीर्वाद देने का आह्वान किया था, जिसे भारी समर्थन मिला। इस अवसर पर विभिन्न समाजों, गांवों और संगठनों के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।

Top