नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। गांधी भवन में आयोजित संयुक्त बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती और विधानसभा प्रभारी राजीव देवड़ा की मौजूदगी में रणनीति तय की गई। निर्णय अनुसार 6 मई को सुबह 8 से 10 बजे तक गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ जनसंवाद किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ता छोटे व्यापारियों और होटल संचालकों से संपर्क करेंगे। 7 मई को शाजापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग चक्का जाम आंदोलन में जिले से बड़ी भागीदारी होगी। वहीं 8 मई को कृषि उपज मंडी में किसानों के मुद्दों पर संवाद किया जाएगा, जिसमें गेहूं तौल और कम दाम जैसे विषय उठाए जाएंगे। आंदोलन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में संयोजक नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस ने चेताया है कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।