नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में पेयजल व्यवस्था और मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, सीएमओ और जिला अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। सभी सीएमओ रोजाना वार्डों का दौरा कर नागरिकों से संवाद करें और जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी करें। उन्होंने मानसून से पहले जलभराव वाले क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निकायों को फायर ब्रिगेड 24x7 चालू रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचाने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपेश वास्पत ने बताया कि जल स्तर घटने वाले क्षेत्रों में 40 सिंगल फेस पंप लगाए जा रहे हैं। दड़ोली, आम्बा, सुजानपुरा और राणावतखेड़ा में जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी। बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मिलावट या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं वन विभाग की अनुमति प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन करने की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई।