रात्रि चौपाल की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, दंतलाई में रैंप तैयार, शिवपुरिया में पाइप लाइन कार्य शुरू | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत पहुंचाई है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की मौजूदगी में हुई चौपाल में जल निगम से जुड़े दो प्रमुख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन पर विभाग ने तुरंत कार्यवाही शुरू कर दी। ग्राम दंतलाई में ग्रामीणों ने पाइप लाइन सुधार कार्य के दौरान रास्ते की समस्या को लेकर आवेदन दिया था। इस पर जल निगम द्वारा आवश्यकतानुसार कांक्रीट रैंप निर्माण का कार्य पूरा कर दिया गया है। वहीं ग्राम शिवपुरिया मंदिर वाला में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पाइप लाइन डालने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग ने सीसी रोड पर कटर मशीन से कटिंग कर दी है और जल्द ही पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा। जल निगम के महाप्रबंधक धीरेंद्र बिजोरिया ने बताया कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के समय-सीमा में निराकरण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

Top