नीमच टुडे न्यूज़ | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जून को नीमच जिले के रामपुरा क्षेत्र स्थित खिमला गांव में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प स्टोरेज परियोजना का निरीक्षण करेंगे। करीब 11,470 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 1920 मेगावाट क्षमता वाली यह परियोजना देश की सबसे बड़ी पम्प स्टोरेज योजनाओं में शामिल है। मुख्यमंत्री परियोजना स्थल का दौरा कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे। गांधीसागर जलाशय आधारित यह परियोजना प्रदेश में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ ही नीमच, मंदसौर और आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

परियोजना में गांधीसागर के पानी का पुनः परिसंचरण कर बिजली उत्पादन किया जाएगा, जिससे पानी की खपत बेहद कम होगी। इसकी ऊर्जा भंडारण क्षमता 10,326 मेगावाट प्रति घंटा होगी। परियोजना के तहत अत्याधुनिक टर्बाइन, 420 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन और आधुनिक विद्युत गृह का निर्माण किया जा रहा है। करीब 3.5 वर्ष में इसे पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण कार्य में प्रतिदिन 3,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। ग्रीनको समूह का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट क्षेत्र में रोजगार, आधारभूत ढांचे और औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ मध्यप्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।