भाजपा ने श्रद्धा के साथ मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, दी भावभीनी श्रद्धांजलि | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी डायमंड पार्क के बाहर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद भाजपा कार्यालय तपोभूमि में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।

उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के संकल्प को लेकर संघर्ष किया और 23 जून 1953 को राष्ट्रहित में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटना उनके सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, दारा सिंह यादव सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top