जनसहयोग से जल क्रांति, नीमच में 352 जल संरचनाओं का हुआ गहरीकरण एक लाख 10 हजार ट्रैक्टर ट्रॉली मिट्टी से तैयार हुए नए खेत, बढ़ी जल संग्रहण क्षमता | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | नीमच जिले में जल संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन की पहल जनभागीदारी का सफल उदाहरण बनकर सामने आई है। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा और जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में जिले की 243 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जल संवर्धन कार्य किए गए। अभियान के दौरान 400 तालाब, चेकडैम, स्टॉप डैम और अन्य जल संरचनाओं को चिन्हित किया गया, जिनमें से 352 का जनसहयोग से गहरीकरण कराया गया।

अभियान के दौरान करीब एक लाख 10 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकाली गई, जिसे 7500 से अधिक किसानों ने अपने खेतों में डालकर नए खेत तैयार किए और भूमि की उर्वरता बढ़ाई। जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी सुशील दौराया ने बताया कि इस अभियान में 6500 से अधिक ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गहरीकरण से जल संरचनाओं की 3.50 लाख घन मीटर अतिरिक्त जल भंडारण क्षमता विकसित हुई है। अभियान के तहत जिले में 682 खेत तालाब, 1915 डगवेल रिचार्ज, 18 अमृत सरोवर, 350 जल संचयन संरचनाएं तथा वाटरशेड परियोजनाओं के 60 कार्य भी पूरे किए गए। जिला प्रशासन का यह प्रयास जल संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने और भूजल स्तर सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Top