नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 स्थित बालक-बालिका छात्रावास में नशामुक्त भारत अभियान "विकसित भारत की पहचान" सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक परिहार ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है। नशे की लत प्रतिभा और परिवार दोनों को बर्बाद कर देती है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान इस दिशा में एक सराहनीय पहल है। अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने भी युवाओं में जागरूकता को अभियान की सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम में नशामुक्ति विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अभियान के तहत जिलेभर में नशामुक्ति प्रदर्शनी, जनजागरूकता कार्यक्रम, मास्टर वॉलंटियर्स प्रशिक्षण और सामूहिक नशामुक्ति शपथ जैसे आयोजन भी किए गए। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।