नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम केलुखेड़ा में शनिवार सुबह एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 57 वर्षीय शिवनारायण पिता रामचंद्र पाटीदार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वे सुबह रोज की तरह पशुओं की देखभाल के लिए अपने बड़े में गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी वहां पहुंची, जहां उन्होंने शिवनारायण को फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले हुए हार्ट ऑपरेशन के कारण वे आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।