नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार उप निरीक्षक मंगल सिंह राठौर को कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि सरवानिया चौकी प्रभारी नीलेश सोलंकी का स्थानांतरण कर उन्हें रामपुरा थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ किया गया है। इस बदलाव को जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसपी राजेश व्यास के मार्गदर्शन में रतनगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।