पालक महासंघ की कमान फिर कमल विश्वकर्मा के हाथ, सर्वसम्मति से पांचवीं बार बने प्रदेश अध्यक्ष | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | राजधानी भोपाल के हिंदी भवन में आयोजित पालक महासंघ मध्यप्रदेश की प्रदेश स्तरीय बैठक में कमल विश्वकर्मा को सर्वसम्मति से लगातार पांचवीं बार प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। बैठक में पूर्व राज्य शिक्षा मंत्री दीपक जोशी सहित संगठन के वरिष्ठ संरक्षकों एवं प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया। पिछले 12 वर्षों से संगठन का नेतृत्व कर रहे विश्वकर्मा ने निजी स्कूलों की मनमानी, शिक्षा के व्यवसायीकरण और अभिभावकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई है। संगठन ने फीस रेगुलेशन एक्ट लागू कराने और एनसीईआरटी पाठ्यक्रम को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण प्रयासों का भी दावा किया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद कमल विश्वकर्मा ने कहा कि आगामी कार्यकाल में शिक्षा माफिया और सरकार के कथित गठजोड़ के खिलाफ संघर्ष और तेज किया जाएगा तथा अभिभावकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती से कार्य करेगा। इस अवसर पर पालक महासंघ जिला इकाई नीमच के पदाधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Top