नीमच टुडे न्यूज़। नीमच-नेवड़ मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार राकेश पिता बाबूलाल चौहान नीमच से नेवड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।