नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका की सामान्य सभा समाप्त होने के बाद कांग्रेस पार्षदों के बीच पुरानी नगर पालिका परिसर स्थित बंगला नंबर 60 में जमकर विवाद हो गया। नामांतरण के एक प्रस्ताव को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते तीखी बहस, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। विवाद के केंद्र में नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति रहे, जिनका पार्षद प्रतिनिधि शराफत हुसैन और पार्षद इकबाल कुरैशी से तीखा विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शराफत हुसैन ने नाराजगी जताते हुए कहा, "सारी नेतागिरी करना भुला दूंगा, नेता प्रतिपक्ष की उतार दूंगा।" वहीं इकबाल कुरैशी ने भी योगेश प्रजापति पर तीखे शब्दों में हमला बोला। बताया जा रहा है कि विवाद सकीना बोहरा नामक महिला की प्रॉपर्टी के नामांतरण प्रस्ताव को लेकर शुरू हुआ। आरोप लगाए गए कि कांग्रेस के अधिकांश पार्षद प्रस्ताव को पारित कराने के पक्ष में थे, जबकि नेता प्रतिपक्ष उसे रोकने पर अड़े थे। इसी दौरान कुछ पार्षदों ने आरोप लगाया कि जिन विकास कार्यों में उन्हें कोई लाभ नहीं दिखता, उन पर वे अक्सर आपत्ति दर्ज कराते हैं। देखते ही देखते मामला इतना गरमा गया कि राजनीतिक बहस खुलेआम शक्ति प्रदर्शन में बदल गई। हालांकि बाद में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।