नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार चावला कॉलोनी, मनासा नाका निवासी नवीन यादव मंगलवार शाम सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नवीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीराम अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।