सिंगोली रोड किनारे खेत में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पैर बंधे होने से गहराया रहस्य | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के सिंगोली रोड स्थित सुलाबावजी के समीप सड़क किनारे एक खेत में बुधवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत से गुजर रहे लोगों की नजर शव पर पड़ते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मौके पर पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में युवक के दोनों पैर रस्सी से बंधे मिले, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने मृतक की पहचान दयाल सिंह, निवासी ग्राम उगरान, थाना जीरन के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य करता था। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिंगोली अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Top