नीमच टुडे न्यूज़ | कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली इस्तमुरार में एक युवक को घर में रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार चिकली निवासी 22 वर्षीय श्रवण पिता प्रकाश चावड़ा रविवार देर रात करीब 2 बजे अपने रिश्तेदार कंवरलाल बंजारा के घर पहुंचा था। आरोप है कि घरवालों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर लाठियों से मारपीट की। इतना ही नहीं, युवक के गले में जूतों की माला पहनाकर उसका अपमान भी किया गया। वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति युवक पर लाठी बरसाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि युवक के चेहरे पर खून के निशान भी नजर आ रहे हैं। युवक का आरोप है कि उसे सुबह करीब 5 बजे छोड़ा गया, जिसके बाद वह सीधे कुकड़ेश्वर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवक की रिपोर्ट पर कंवरलाल पिता पीरूलाल बंजारा और कमलीबाई पति कंवरलाल बंजारा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी भीमसिंह सिसौदिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना सामने आया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बाद में आपसी समझौता भी हो गया है, हालांकि पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई दर्ज कर ली है।