नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि सीमांकन, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, खेत और मकान का कब्जा दिलाने, पट्टा प्रदान करने, राजस्व अभिलेखों में सुधार, खेत तक पहुंच मार्ग, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना, बीमा राशि, अंत्येष्टि सहायता, अवैध ऋण वसूली, पारिवारिक विवाद, मारपीट, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार सहित विभिन्न मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू, चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।