नीमच टुडे न्यूज़ । इनरव्हील क्लब नीमच द्वारा वर्षभर संचालित सेवा गतिविधियों के समापन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने वर्षभर सहयोग देने वाले दानदाताओं, पदाधिकारियों एवं सदस्याओं का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संस्थापक ओलिवर गोल्डी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। पूर्व अध्यक्ष डॉ. माधुरी चौरसिया ने वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए सेवा कार्यों में सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की। अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने कहा कि क्लब को विभिन्न स्तरों पर मिले सम्मान का श्रेय सभी सदस्याओं और सहयोगियों को जाता है। इस दौरान कई सदस्याओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया तथा महिलाओं के लिए इंडोर गेम्स का आयोजन भी हुआ, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी ने भी पदभार ग्रहण किया। सिम्मी सलूजा ने अध्यक्ष, अलका श्रीवास्तव ने सचिव, हेमांगिनी त्रिवेदी ने कोषाध्यक्ष, सुमन अहीर ने आईएसओ एवं नेहा गुप्ता ने एडिटर पद की शपथ लेकर कार्यभार संभाला। कार्यक्रम का संचालन सरोज गांधी एवं आभार प्रदर्शन प्रेरणा शर्मा ने किया।