चर्चा, बहस और फिर फैसला...नगर पालिका की बैठक में 44 प्रस्तावों पर लगी मुहर , नपाध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक  | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका की सामान्य सभा की बैठक नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ,CMO दुर्गा बामनिया , वंदना खंडेलवाल , पार्षद इकबाल कुरैशी,  पार्षद प्रतिनिधि शराफत हुसैन , पार्षद अरुण प्रजापति ,नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति  सहित परिषद के कई  पार्षद उपस्थित रहे। विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद 44 प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। बैठक में इंदिरा चौक विकास कार्य के द्वितीय चरण को करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से पूरा कराने की स्वीकृति दी गई।

नगर पालिका में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इसके अलावा नई सड़कों के निर्माण, विभिन्न समाजों की मांग पर सड़कों, चौराहों और भवनों के नामकरण, जनभागीदारी से विकास कार्य कराने, शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा अन्य जनहित के प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक में पेयजल व्यवस्था और फिल्टर मीडिया प्लांट की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि फिल्टर मीडिया प्लांट की तकनीकी खामियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर के अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।।

Top