नीमच टुडे न्यूज़ | वरिष्ठ भाजपा नेता एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र पाण्डेय ने मध्यप्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से सौजन्य भेंट कर मंदसौर–जावरा–नीमच संसदीय क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने आग्रह किया कि क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के खातों में विकास कार्यों की राशि सीधे भेजी जाए, ताकि गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण कार्य तेजी से पूरे हो सकें। सुरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि ग्राम पंचायतों को पर्याप्त संसाधन मिलने से विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों आएंगी। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और नए उद्योगों की स्थापना जैसे मुद्दों को लगातार प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होंगे तभी क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा।