समाजसेवी संतोष चोपड़ा निवास पर लगा आस्था का मेला, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में शनिवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। समाजसेवी संतोष चोपड़ा के निवास पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के आगमन के बाद श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक पहुंचे।

स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज, बाबा कालीदास कृष्णानंद, बालमुकुंदाचार्य महाराज एवं महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद गिरि भी मौजूद रहे। संतों के आगमन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बन गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता ने भी समाजसेवी संतोष चोपड़ा के निवास पहुंचकर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद ने कहा कि संतों का सान्निध्य आत्मिक शांति प्रदान करता है और सनातन संस्कृति के प्रति विश्वास को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में मानवता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। संतों का आगमन पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य और प्रेरणा का केंद्र बनता है। इसके बाद संतों का काफिला टाउन हॉल के लिए रवाना हुआ, जहां स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने श्रद्धालुओं को दिव्य आशीर्वचन प्रदान किए।

Top