नीमच टुडे न्यूज़ |राम मंदिर से जुड़ी चोरी की घटना को लेकर नीमच में महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान से दोषियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और उपवास रखकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और चोरी की घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि रामलला करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं, इसलिए इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर ने कहा कि राम मंदिर से जुड़ी घटना सभी की भावनाओं से जुड़ा विषय है और इसकी गंभीरता से जांच होना जरूरी है। वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष यास्मिन शेरानी ने कहा कि आस्था के केंद्रों से जुड़े मामलों में सभी लोगों को आवाज उठानी चाहिए और न्याय की मांग करनी चाहिए।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मंदिरों की सुरक्षा को लेकर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। विरोध प्रदर्शन में बेबी मेहरा, आशा सांभर, यास्मिन शेरानी, लीला बंसल, समीदा मिर्जा और रुकसाना खान सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।