नीमच टुडे न्यूज़ | मालवा-मेवाड़ अंचल के लिए 11 जुलाई 2026 का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज पहली बार नीमच की पावन धरती पर पधारेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
चौपड़ा परिवार के आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में अध्यात्म, संस्कृति और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज 10 जुलाई को विशेष विमान से नीमच पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
11 जुलाई को सुबह 11 बजे नीमच टाउन हॉल में "अध्यात्म का महाकुंभ" आयोजित होगा। इस अवसर पर कई प्रमुख संतों का सान्निध्य प्राप्त होगा। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के साथ महंत रवींद्र पुरी, बाबा कालीदास कृष्णानंद, बालमुकुंदाचार्य महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद गिरि भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, उद्योगपति, समाजसेवी और अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है।
आयोजकों ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर संतों के आशीर्वचन और आध्यात्मिक कार्यक्रम का लाभ प्राप्त करें।