कुख्यात तस्कर सुनील मीणा सलाखों के पीछे, 8 महीने चले ऑपरेशन नीलमणि के बाद ANTF ने किया गिरफ्तार @NeemuchToday

 

नीमच टुडे न्यूज़ |राजस्थान और मध्यप्रदेश में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से आतंक फैलाने वाले कुख्यात तस्कर सुनील मीणा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने करीब 8 महीने तक चले गुप्त अभियान “ऑपरेशन नीलमणि” के तहत नीमच जिले के जीरन क्षेत्र के ग्राम गमेरपुरा से सुनील मीणा को पकड़ा।

सुनील मीणा पर विभिन्न एजेंसियों ने कुल 1.69 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी सहित 19 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

गिरफ्तारी के दौरान एएनटीएफ टीम ने तेज बारिश के बीच आरोपी के ठिकाने की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर सुनील मीणा गेहूं के ड्रम के पीछे छिप गया और अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद को दिनेश बताने लगा, लेकिन पूछताछ में उसकी असली पहचान सामने आ गई।

पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए 15 दिनों तक जंगलों में रहकर निगरानी की। उसकी गतिविधियों, संपर्कों और ठिकानों पर लगातार नजर रखी गई।

सुनील मीणा कुख्यात तस्कर कमल राणा का करीबी साथी बताया जाता है। पुलिस के अनुसार वह राजस्थान और मध्यप्रदेश में लंबे समय से तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। वीपी सिंह केरी के घर फायरिंग मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

Top