जावद की सब जेल कॉलोनी में दुखद घटना, महिला जेलकर्मी की 16 वर्षीय बेटी की फांसी लगाने से मौत, कारणों की जांच में जुटी पुलिस। @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ |नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र स्थित सब जेल कॉलोनी में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां जावद जेल में पदस्थ एक महिला कर्मी की 16 वर्षीय पुत्री कृति सिंगार की कथित तौर पर फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और कॉलोनी क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर जावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बुधवार सुबह चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों से जानकारी लेने के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 
Top