चीताखेड़ा के चैनपुरा में तेंदुए की दहशत, बकरियों पर हमला करने के बाद मालिक पर झपटा @NeemuchToday

 

नीमच टुडे न्यूज़ |चीताखेड़ा वन क्षेत्र से लगे चैनपुरा गांव में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। मंगलवार देर रात गांव में घुसे तेंदुए ने पहले बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला किया और बाद में बकरी मालिक पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार चीताखेड़ा से करीब 6 किलोमीटर दूर चैनपुरा निवासी पप्पू (देवनारायण) पिता स्वर्गीय बगदीराम रावत उम्र 40 वर्ष के बाड़े में तेंदुआ पहुंचा और बकरियों पर हमला कर दिया। बकरियों की आवाज सुनकर पप्पू बाड़े में पहुंचे तो तेंदुआ वहां से भाग निकला। करीब एक घंटे बाद तेंदुआ दोबारा बकरियों का शिकार करने पहुंचा, इसी दौरान उसने पप्पू रावत पर हमला कर दिया। हमले में वे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

ग्रामीणों के अनुसार इसी तेंदुए ने शाम के समय भी बकरियों के झुंड पर हमला किया था। आए दिन तेंदुए द्वारा मवेशियों को निशाना बनाए जाने से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने रातभर जागकर पहरा दिया।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

Top