नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच (मध्यप्रदेश) की बेटी और चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) की बहू परिधि भटनागर को राजस्थान पुलिस के “महिला सुरक्षा संकल्प” अभियान के तहत महिला सुरक्षा, जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ, जहां जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव (IPS) ने उन्हें प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
परिधि भटनागर लंबे समय से महिलाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा, डिजिटल जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हुई हैं।
परिधि सोशल मीडिया के माध्यम से भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, छोटे उद्यमियों और महिला उद्यमियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहचान दिलाने के साथ “वोकल फॉर लोकल” की भावना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राजस्थान पुलिस ने उनके सामाजिक कार्यों और महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज में प्रेरणा का कार्य करते हैं। परिधि भटनागर का यह सम्मान नीमच और चित्तौड़गढ़ दोनों क्षेत्रों के लिए गौरव का विषय है।