प्रमोशन से वंचित पटवारियों का फूटा गुस्सा, नीमच में एकजुट होकर शासन के खिलाफ उठाई आवाज, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन। @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने पदोन्नति सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के सामने आवाज उठाई है। बुधवार को नीमच में जिलाध्यक्ष दिलीपसिंह चुण्डावत के नेतृत्व में जिले के पटवारी एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश मार्गदर्शक घनश्याम पांडे ने कहा कि शासन द्वारा विभिन्न कर्मचारी संवर्गों को पदोन्नति का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन पटवारी संवर्ग को इससे वंचित रखा गया है।

उन्होंने कहा कि कई पटवारी एक ही पद पर भर्ती होते हैं और वर्षों तक सेवा देने के बाद उसी पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। संघ ने मांग की कि अन्य कर्मचारियों की तरह पटवारियों को भी पदोन्नति का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही कैडर रिव्यू, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा नियमित कराने, जज प्रोटेक्शन एक्ट में शामिल करने, लंबित मानदेय का भुगतान और संघ पदाधिकारियों के स्थानांतरण से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।

पटवारी संघ ने शासन को मांगों पर विचार के लिए तीन दिन का समय दिया है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि तय समय में सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो भोपाल स्तर पर दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी और आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

 
Top