ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में ग्रीन डे उत्साह से मनाया, विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण और आकर्षक प्रस्तुतियों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्थित ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रीन डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इनर व्हील क्लब की पूर्व अध्यक्ष  सरोज गांधी रहीं, जिन्हें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विद्यालय परिवार ने शॉल, श्रीफल और सम्मान-पत्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता  सिम्मी सलूजा ने की, जबकि हिमांगिनी त्रिवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया।

कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों ने फल, सब्जियां, पक्षी, कीट-पतंगों और प्रकृति आधारित आकर्षक वेशभूषा में रैंप वॉक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित वेजिटेबल मार्केट गतिविधि में बच्चों ने क्रेता और विक्रेता की भूमिका निभाते हुए हरी सब्जियों एवं फलों की पहचान के साथ उनके पोषण और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त की। वहीं नर्सरी के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत जंगल डांस आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी एवं निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया।

Top