अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, दो दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगा आंदोलन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ग्रामीणों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। जनसुनवाई के दौरान बिजली कंपनी के अधिकारियों से चर्चा हुई, जिसमें अधिकारियों ने दो दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। तरुण बाहेती ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय तीन से पांच घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन, किसान, बुजुर्ग और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद विभाग "लोड सेटिंग" और तकनीकी कारणों का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहा है।कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो गांव-गांव आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और स्थानीय विधायकों के पुतले दहन, बिजली विभाग कार्यालयों के घेराव और चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।

Top