मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, होटल, डेयरी और घी कारोबारियों पर छापा; 9 खाद्य नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे, दो प्रतिष्ठानों को नोटिस | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन का विशेष अभियान लगातार जारी है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल तथा कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर सोमवार को टीम ने नीमच शहर और ग्रामीण क्षेत्र के होटल, डेयरी एवं घी विक्रेताओं पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। रहीमगंज स्थित सांवलिया दूध डेयरी से मिश्रित दूध का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं जारोली ट्रेड सेंटर स्थित राजेश ट्रेडर्स से टुडे देशी घी एवं धौलपुर फ्रेश देशी घी के दो नमूने एकत्र किए गए।

निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज जैसे मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, ऑडिट रिपोर्ट एवं पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं करने पर संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 के तहत नोटिस जारी किया गया। शिकायत मिलने पर ग्राम बोरखेड़ी पानेड़ी स्थित होटल मानसरोवर का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां सेव-दूध सब्जी, पनीर मसाला, मिश्रित दूध, दही, मिठाई और पनीर सहित छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। होटल संचालक द्वारा आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने पर उन्हें भी नोटिस जारी किया गया। अभियान के दौरान लिए गए कुल नौ खाद्य नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Top