नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर में विधवा, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन के हितग्राहियों को पिछले 3 से 4 माह से पेंशन नहीं मिलने का आरोप सामने आया है। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता राजनारायण लाड़ ने प्रदेश सरकार और नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लंबित पेंशन राशि जल्द जारी करने की मांग की है। राजनारायण लाड़ का कहना है कि पेंशन के अभाव में बुजुर्ग, दिव्यांगजन और विधवा महिलाएं आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं। कई हितग्राहियों को दवाइयों, घरेलू जरूरतों और रोजमर्रा के खर्चों के लिए परेशान होना पड़ रहा है तथा वे बैंक और संबंधित विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से सभी लंबित पेंशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने और भविष्य में समय पर पेंशन वितरण की व्यवस्था करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।