नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सड़क, अतिक्रमण, खेत तक पहुंच मार्ग, शासकीय योजनाओं का लाभ, भूमि विवाद और कब्रिस्तान के लिए भूमि आवंटन सहित विभिन्न मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में पालराखेड़ा की अनिता ने खेत तक रास्ता बंद किए जाने और मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। सोनियाना के राजमल ने खेत में डाली गई सामग्री हटवाने एवं क्षतिपूर्ति, घसुण्डी बामनी के घनश्याम मेघवाल ने पहुंच मार्ग खुलवाने, जबकि खेड़ी की बसंतीबाई ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने का आवेदन दिया। नीमच के मोहम्मद रफीक ने भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। वहीं यूनाइटेड पेंटीकोस्टल चर्च एसोसिएशन ने ईसाई समुदाय के लिए कब्रिस्तान की भूमि आवंटित करने का आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा छात्रवृत्ति, मंदिर भूमि से अतिक्रमण हटाने और अन्य राजस्व व जनहित से जुड़े मामलों पर भी आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।