गुरु पूर्णिमा पर लेवड़ा आश्रम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गुरु कमलानंद जी महाराज का लिया आशीर्वाद | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर लेवड़ा आश्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचने लगे और परम पूज्य गुरु कमलानंद जी महाराज के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी अशोक गंगानगर ने भी आश्रम पहुंचकर गुरु पूजन किया तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया। आश्रम में गुरु वंदना, भजन-कीर्तन, सत्संग एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

गुरु कमलानंद जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि गुरु केवल ज्ञान का मार्ग ही नहीं दिखाते, बल्कि जीवन को संस्कार, सेवा, सत्य और सदाचार की दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए सभी से सदैव धर्म, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार की सुख-समृद्धि व मंगलकामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा।

Top