गुरु पूर्णिमा पर विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क साइकिलें, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार ने विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने गुरुजनों का सम्मान करते हुए शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के बाद विश्व प्रकृति दिवस के अवसर पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। विधायक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। विधायक परिहार ने कहा कि शिक्षित युवा, संस्कारित समाज और हरित पर्यावरण विकसित भारत एवं विकसित मध्यप्रदेश की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मोहनसिंह राणावत, जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, प्राचार्य अरविंद शर्मा, विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Top