नीमच टुडे न्यूज़ | गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर निपानिया धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं और शिष्यों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर परम पूज्य गुरुदेव सुरेशानंद जी शास्त्री के चरणों का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गुरु वंदना, गुरु पूजन और महाआरती का आयोजन भी श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। अपने आशीर्वचन में गुरुदेव सुरेशानंद जी शास्त्री ने कहा कि मानव जीवन में गुरु का विशेष महत्व है। गुरु ही सही मार्ग दिखाकर जीवन को संस्कार, ज्ञान और सदाचार की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार भी निपानिया धाम पहुंचे। उन्होंने गुरुदेव सुरेशानंद जी शास्त्री के चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने भी गुरु का आशीर्वाद लेकर अपने परिवार के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।