नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के गोमाबाई नेत्रालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने राजस्थान के बारां निवासी 65 वर्षीय श्यामाबाई बैरागी की आंख में फैले गंभीर संक्रमण का सफल उपचार कर उनकी आंख को बचाने में सफलता हासिल की है। लंबे समय से संक्रमण और असहनीय दर्द से परेशान महिला को उपचार के बाद बड़ी राहत मिली है। नेत्रालय प्रबंधन के अनुसार, श्यामाबाई करीब छह माह तक विभिन्न स्थानों पर इलाज कराती रहीं, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

गंभीर संक्रमण के चलते उन्हें आंख निकालने तक की सलाह दी गई थी। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए गोमाबाई नेत्रालय लेकर पहुंचे। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विस्तृत जांच के बाद उपचार शुरू किया, जिससे संक्रमण पूरी तरह नियंत्रित हो गया। उपचार के बाद महिला की आंख सुरक्षित है और उन्हें अब किसी प्रकार की पीड़ा नहीं है। सफल इलाज के बाद श्यामाबाई और उनके परिजनों ने गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्सकों एवं पूरी उपचार टीम का आभार व्यक्त किया।