नीमच टुडे न्यूज़ | मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो साल से फरार 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी, नकबजनी और डकैती के 12 मामलों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान चांदी के आभूषण और नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी अश्विन पिता दिलीप बांछड़ा निवासी हाड़ीपिपल्या को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद पूछताछ में आरोपी ने डकैती, नकबजनी और चोरी के कुल 12 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 400 ग्राम चांदी के आभूषण और 1 लाख 60 हजार रुपए नकद बरामद किए। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसके साथी सुरेंद्र पिता फूलचंद बांछड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में मनासा पुलिस टीम ने की।